मुंबई में 22 फरवरी से 24 फरवरी, 2023 के दौरान टेक्नोटेक्स 2023’ का आयोजन किया जाएगा

भारत में टेक्निकल टेक्सटाइल उद्योग का सबसे बड़ा आयोजन –‘टेक्नोटेक्स 2023’ 22 फरवरी से 24 फरवरी 2023 के दौरान मुंबई में आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय तकनीकी कपड़ा मिशन (एनटीटीएम) के तहत फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स इंडस्ट्री के सहयोग से भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस बारे में केन्द्रीय वस्त्र राज्यमंत्री ने कहा कि ‘टेक्नोटेक्स 2023’ का आयोजन सबसे उपयुक्त समय पर किया जा रहा है, जब भारत ने जी-20 की अध्यक्षता संभाली है। “जी-20 की अध्यक्षता भारत को वैश्विक महत्व के तात्कालिक मामलों पर वैश्विक एजेंडे में योगदान करने का एक असाधारण अवसर प्रदान करती है”।

मुंबई में केन्द्रीय वस्त्र राज्यमंत्री दर्शना जरदोश ने ‘टेक्नोटेक्स 2023’की पूर्व संध्या पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ‘टेक्नोटेक्स 2023’ दुनिया भर में सबसे तेजी से बढ़ने वाली श्रेणी का प्रतिनिधित्व करने वाले स्टार्टअप उद्यमियों के लिए एक अच्छा अवसर प्रदान करेगा। “टेक्निकल टेक्सटाइल क्षेत्र में स्टार्टअप की उच्च संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए, ‘टेक्नोटेक्स 2023’ स्टार्टअप उद्यमों को सशक्त बनाने, उत्कृष्ट कार्य प्रणाली के संबंध में ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और स्टार्टअप के लिए उद्यमशीलता इकोसिस्टम की क्षमता विकसित करने से संबंधित चर्चा पर ध्यान केन्द्रित करेगा।”

वस्त्र राज्यमंत्री ने बताया कि सरकार टेक्निकल टेक्सटाइल को बढ़ावा देने के लिए सभी तरह के प्रयास कर रही है और इस दिशा में विभिन्न पहल करते हुए पीएलआई योजना, एचएसएन कोड, नेशनल टेक्निकल टेक्सटाइल मिशन की शुरुआत की गई है।

इस बारे में महाराष्ट्र सरकार के वस्त्र मंत्री  चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि टेक्निकल टेक्सटाइल क्षेत्र भारतीय अर्थव्यवस्था के प्रमुख घटकों में से एक है और यह एक उभरता हुआ विशिष्ट क्षेत्र है जो सरकार के आत्मनिर्भर भारत की भावना के अनुरूप है। उन्होंने बताया किया कि महाराष्ट्र की वस्त्र नीति का उद्देश्य 10 लाख नई नौकरियां पैदा करना, 36,000 करोड़ रूपये के निवेश को आकर्षित करना और किफायती बिजली शुल्क व बढ़ी हुई पूंजी सब्सिडी सहित कई लाभ प्रदान करना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *