बाबा नगरी देवघर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड को दी 25 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात

चिन्मय दत्ता,  देवघर।

बाबा नगरी देवघर से 16 हज़ार 8 सौ 35 करोड़ रुपए की 25 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड को दी। राज्यपाल रमेश बैस एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में प्रधानमंत्री ने दस हजार दो सौ सत्तर करोड़ रुपए की लागत से तैयार देवघर एयरपोर्ट, देवघर एम्स और बाबा धाम का विकास समेत 13 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित किया। वहीं, रांची रेलवे स्टेशन का री- डेवलपमेंट और रांची में कचहरी चौक से पिस्का मोड़ एलिवेटेड कॉरिडोर सहित 12 परियोजनाओं की बुनियाद रखी। इन परियोजनाओं पर 6 हजार 5 सौ 65 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बाबाधाम आकर मन प्रसन्न हो गया।  आज यहां से झारखंड के विकास को गति देने का सौभाग्य मिल रहा है। ये परियोजनाएं ना सिर्फ झारखंड बल्कि बिहार और बंगाल समेत पूर्वी भारत के विकास को नई गति देगी। इससे जीवन आसान होगा और रोजगार, स्वरोजगार व्यापार, स्वास्थ्य और पर्यटन समेत अन्य कई क्षेत्रों में अनेक अवसर पैदा होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां से हवाई सेवा शुरू होने से बाबा के दर्शन करने के लिए आने वाले देश- विदेश के श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि  देवघर एम्स के चालू होने से झारखंड के साथ बिहार और बंगाल के मरीजों का बेहतर इलाज संभव होगा।

वहीं इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज जिन विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है , उससे राज्य के विकास को निश्चित तौर पर नई दिशा मिलेगी। ये  योजनाएं झारखंड के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि विकास में सड़कों का अहम रोल होता है। चाहे वह रोड कनेक्टिविटी हो या फिर हवाई अथवा जलमार्ग। यह कनेक्टिविटी जितनी तेजी से बढ़ेगी, राज्य के विकास को तेजी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने साहिबगंज जलमार्ग के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो सपना हम देखते हैं और जब वह पूरा होता है तो काफी खुशी मिलती है। आज देवघर एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू होने का सपना साकार हो रहा है। लेकिन,  हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि इसके निर्माण में मजदूरों का अहम योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवघर एयरपोर्ट के निर्माण में तीन सौ रैयतों ने अपनी जमीन दी है। इस वजह से जो विस्थापित हुए हैं  और आज जब यह एयरपोर्ट राष्ट्र को समर्पित किया जा रहा है तो उन सभी का हम शुक्रिया अदा करते हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि अगर केंद्र सरकार का सहयोग मिला तो अगले 5 से 7 वर्षों में झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के सपने को सरकार करेंगे।

वहीं इस खास अवसर पर मौजूद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि झारखंड में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजना तैयार कर ली गई है।  जमशेदपुर, दुमका और बोकारो भी जल्द ही हवाई मानचित्र में शामिल हो जाएंगे।  इसके अलावा राज्य में 14 नए रूटों पर हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में तेजी से पहल हो रही है।

इस महत्वपूर्ण मौके पर  केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया , केन्दीय मंत्री अर्जुन  मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्य सरकार के मंत्री बादल और हफीजुल हसन , स्थानीय सांसद निशिकांत दूबे और विधायक नारायण दास समेत कई महत्वपूर्ण व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *