नई दिल्ली, दिसंबर 9
वरिष्ठ IAS अधिकारी संजय मल्होत्रा को केन्द्र सरकार ने RBI का नया गवर्नर नियुक्त किया है। संजय मल्होत्रा आगामी 11 दिसंबर से इस पद का कार्यभार संभालेंगे। वर्तमान में RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास हैं, जिनका कार्यकाल 10 दिसंबर 2024 को समाप्त हो रहा है। संजय मल्होत्रा को तीन वर्ष के लिए RBI गवर्नर नियुक्त किया गया है। सरकार की नियुक्ति समिति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी
राजस्थान कैडर के 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी संजय मल्होत्रा वर्तमान में वित्त मंत्रालय में सचिव राजस्व रूप में कार्यरत हैं।
संजय मल्होत्रा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर से कंप्यूटर विज्ञान में इंजीनियरिंग स्नातक हैं और प्रिंसटन विश्वविद्यालय, यूएसए से सार्वजनिक नीति में स्नातकोत्तर हैं।
अपने 33 वर्षों से अधिक के करियर में नेतृत्व और उत्कृष्टता का प्रदर्शन करते हुए, संजय मल्होत्रा ने बिजली, वित्त और कराधान, सूचना प्रौद्योगिकी, खनन सहित विविध क्षेत्रों में काम किया है।
अपने पिछले कार्यभार में, उन्होंने भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के तहत वित्तीय सेवा विभाग में सचिव का पद संभाला था। उन्हें राज्य और केंद्र सरकार में वित्त और कराधान में व्यापक अनुभव है।
गौरतलब है कि शक्तिकांत दास ने 2018 में आरबीआई के गवर्नर का पद संभाला था, जब उर्जित पटेल के अचानक इस्तीफा देने के बाद यह पद खाली हुआ था। उनका कार्यकाल 6 साल तक चला, और अब संजय मल्होत्रा को इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है।