भौतिकी के क्षेत्र में जॉन जे. हॉपफील्ड और जेफ्री ई. हिंटन को 2024 का नोबेल पुरस्कार दिया गया है।

नई दिल्ली, अक्टूबर 8

भौतिकी के क्षेत्र में जॉन जे. हॉपफील्ड और जेफ्री ई. हिंटन को  2024 का नोबेल पुरस्कार दिया गया है। यह घोषणा रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने मंगलवार, 8 अक्टूबर को की। दोनों वैज्ञानिकों को कृत्रिम तंत्रिका नेटवर्क के माध्यम से मशीन लर्निंग को सक्षम बनाने वाली मूलभूत खोजों और आविष्कारों के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया है।

जूरी ने कहा कि हॉपफील्ड और हिंटन ने भौतिकी के उपकरणों का उपयोग करते हुए ऐसे तरीके विकसित किए हैं, जो आज की शक्तिशाली मशीन लर्निंग का आधार बनते हैं। हॉपफील्ड प्रिंसटन विश्वविद्यालय में शोध करते हैं, जबकि हिंटन टोरंटो विश्वविद्यालय में रिसर्च कर रहे हैं।

नोबेल पुरस्कारों की घोषणा का सिलसिला सोमवार से शुरू हुआ, जिसमें अमेरिकी वैज्ञानिक विक्टर एंब्रोस और गेरी रुवकोन को मेडिसिन और फिजियोलॉजी के क्षेत्र में पुरस्कार देने का भी ऐलान किया गया। उन्हें माइक्रोआरएनए की खोज के लिए यह सम्मान दिया जाएगा, जिसे जीवों के विकास और कार्य करने के तरीके के लिए मौलिक रूप से महत्वपूर्ण बताया गया है।