पटना, 03 अक्टूबर (पीबीएनएस) : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक हुई। इस दौरान 45 एजेंडों पर मुहर लगी है। कैबिनेट ने कैलेंडर अवकाश 2025 को मंजूरी दी है। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में सीएनजी पर 8 और पीएनजी पर 7% वैट राशि घटाई है।
पटना से सटे बिहटा में 300 बेड का नया अस्पताल बनेगा। बिहटा एलिवेटेड रोड के लिए 3.1 एकड़ जमीन दी गई है। एनएचआई को जमीन दिए जाने पर कैबिनेट ने अपनी मंजूरी दे दी है।
कैबिनेट ने अहम प्रस्ताव पारित करते हुए एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप 2024 का आयोजन राजगीर करने का प्रस्ताव पारित किया है जिसमें 11 से 20 नवंबर 2024 तक एशियाई चैंपियनशिप ट्रॉफी महिला 2024 के आयोजन करने हेतु हॉकी इंडिया को 10 करोड रुपए प्रदान करने का निर्णय लिया है।
ट्रक, बस, ऑटो और टैक्सी चालक के लिए सीएम वाहन चालक कल्याण योजना को भी मंजूरी मिली है। चालक को मेडिकल सर्विस, जीवन बीमा समेत ट्रेनिंग आदि की सुविधा मिलेगी।
ड्राइवर के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। सिपाही के तर्ज पर जेल कक्षपाल, उच्च कक्षपाल और मुख्य कक्षपाल को 13 महीने का वेतन मिलेगा। बिहार पुलिस के अराजपत्रित कर्मियों के समान प्रत्येक वित्तीय साल में एक महीने का अतिरिक्त वेतन मिलेगा।