आज हम बनाएंगे नारियल की चटनी

मीमांसा डेस्क।

साउथ इंडियन डिश में नारियल की चटनी अधिकतर लोगों की पसंद में शामिल है। इसे कई तरीके और सामग्री के साथ बनाया जाता है, लेकिन सबमें एक चीज आवश्यक है, और वह है, नारियल। यहां नारियल की चटनी बनाने के एक तरीके के बारे में बताया जा रहा है……

4 से 5 लोगों के लिये चटनी बनाने के लिये सामग्री

नारियल- कच्चा नारियल 100 या 200 ग्राम

पुदीना पत्ता- 6-7 पत्ते

धनिया पत्ता- 6-7 पत्ते

लहसुन- 3-4 कलियां

हरी मिर्च- 2- हरी मिर्च(स्वाद अनुसार)

मूंगफली- 7-8 मूंगफली

चना दाल या भुना चना- 10-12 दाने

साबुत लाल मिर्च- 2

काले सरसों के दाने-1-4 चम्मच

करी पत्ता- 4-5 करी पत्ता

सरसों तेल- 1 चम्मच

नमक- स्वाद अनुसार

चटनी पीसने के लिये मिक्सर।

अब चटनी बनाना शुरू करते हैं। चटनी बनाने के लिये पहले कच्चे नारियल के छोटे-छोटे या लम्बे टुकड़े कर लें। उन्हें अच्छी तरह पानी में साफ कर लें। उसे मिक्सर में डालें। इसके बाद हरी मिर्च लहसुन, पुदीना पत्ता, धनिया पत्ता डालें। अगर आपने भुना चना और मूंगफली लिया है तो उसे भी मिक्सर में दालें नहीं तो इसे थोड़ा भुन लें। इसकी सोंधी खुशबू चटनी को स्वादिष्ट बनाएगी। अब इन भुने चने और मूंगफली को भी मिक्सर में डालेंगे। साथ में डालें थोड़ा नमक, जिसे आप अपने अंदाज से डाल सकते हैं।

मिक्सी चलाना शुरू करें। चटनी अच्छी तरह से बारीक पिसे इसके लिये थोड़ा-थोड़ा पानी भी मिक्स करें। इस तरह आपकी चटनी बनकर तैयार है।

लेकिन रूकिये…

चटनी बनना अभी बाकी है। मिक्सी से निकालकर आप इस चटनी को एक बड़े कटोरे या बर्तन में रखें।

अब इसमें छौंक लगाने के लिये गैस पर एक बड़ा चम्मच या कलछी रखेंगे। उसके गर्म होते ही उसमें एक चम्मच तेल(सरसों, या कोई खाने का तेल) डालेंगे। अब इसमें जो हमने सरसों के दाने, लाल मिर्च और करी पत्ते रखे थे, उसे डालेंगे। इसके गर्म होने के बाद इसे चटनी के ऊपर घूमाकर डालें। आपकी नारियल की स्वादिष्ट चटनी तैयार है।

आप चटनी में अदरक का एक छोटा टुकड़ा भी डाल सकते हैं, अगर आपको उसका स्वाद अच्छा लगे।

घर में बनी इस स्वादिष्ट चटनी को इडली, डोसा, बड़ा या किसी भी साउथ इंडियन डिश के साथ खा सकते हैं।

तो बनाएं इस तरीके से घर पर नारियल की चटनी और हमें कमेंट करके बताएं। कैसी बनी?