बुराड़ी, दिल्ली।
पारिस्थिकीय तंत्र का हिस्सा पशु-पक्षी पर्यावरण के साथ हमारे जीवन के लिये भी बेहद जरूरी हैं। इसलिये इनका विशेष ख्याल रखने की आवश्यकता होती है। पशु खाना-पानी एवं सुरक्षा के लिये मानवों पर निर्भर होते हैं, लेकिन कई बार इस जरूरत को समझने में मानवों से भूल होती है, और वह अनदेखा कर देते हैं। ऐसे में इन बेजुबानों को समझने वाले वाले भी कुछ लोग हैं, जो उनका भरपूर ख्याल रखते हैं, और मानवता का संदेश देते हैं।
दिल्ली में बुराड़ी के रहने वाले 20 वर्षीय क्षितिज त्रिपाठी उन्हीं मानवता प्रेमियों में से एक हैं, जिन्होंने कम उम्र में ही पशुओं के महत्व को समझा और उनकी देखभाल शुरू कर दी। पिछले 5 सालों से किये जा रहे उनके इस प्रयास में और भी कई लोग शामिल हो गये हैं, जो मिलकर लावारिस पशुओं के खाने-पीने एवं स्वास्थ्य देखभाल की व्यवस्था करते हैं।
इस बारे में क्षितिज त्रिपाठी ने बताया कि भगवान कृष्ण जी ने भी कहा है कि सबको पशुओं की सेवा निस्वार्थ भाव से करनी चाहिए, और हम उनके बताए मार्ग पर चल रहे हैं। अपने इस कार्य में सहयोग करने वाले विनय सोलंकी, रोहन सिंह, हर्षित मदान, चेतन त्यागी और कुणाल त्यागी और लवकुश गुप्ता, सागर राणा, प्रशांत त्यागी का नाम लेते हुए क्षितिज ने बताया कि पहले वह अकेले ही पशु सेवा करते थे, मगर अब वह अपनी टीम के साथ कार्य करते हैं।
दिल्ली के बुराड़ी विधानसभा में क्षितिज अपनी टीम के साथ एक-एक पशु को खाना खिलाते हैं और पानी पिलाते हैं, और पशुओं को इलाज की भी सुविधा उपलब्ध करवाते हैं। यही नहीं, वह सभी लोगो को पशुओं की सेवा के लिए जागरुक भी कर रहे हैं । क्षितिज और उनकी टीम बुराड़ी के अलावा झरोदा, संतनगर, कमालपुर, नाथूपुर, वजीराबाद, जगतपुर,मुकुंदपुर में पशुओं की सेवा का कार्य कर रहे हैं।