अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव का हुआ समापन, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू

अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव की आखिरी सांस्कृतिक संध्या में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव की स्मारिका का भी विमोचन किया।

आखिरी संध्या पर मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध पंजाबी गायक दलेर मेहंदी रहे, जिन्होंने अपनी प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया।

इसके अलावा आखिरी दिन पुलिस सहायता कक्ष के समीप महानाटी का आयोजन किया गया, जिसमें एकीकृत बाल विकास परियोजना शिमला और मशोबरा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की करीब 300 महिलाओं ने भाग लिया।

महानाटी से महिलाओं ने नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया, जिसमें अन्य स्थानीय महिलाओं और पर्यटकों ने भी उनके साथ नाटी डाली। ग्रीष्मोत्सव में चिल्ड्रेन ऑफ द स्टेट का आयोजन भी किया गया, जिसमें बाल आश्रम टूटीकंडी, बाल आश्रम मशोबरा के छात्र-छात्राओं द्वारा सुन्दर प्रस्तुति दी गई।