वीर शहीद सोमाय गागराई का 16वां शहादत दिवस मनाया गया।

सुकांति साहू, खरसावां।

झारखंड में खरसावां प्रखंड के बड़ाबाम्बो चौक पर 17 फरवरी को वीर शहीद सोमाय गागराई का 16वां शहादत दिवस मनाया गया। इस विशेष मौके पर शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिये झारखंड आंदोलनकारी मंच के केन्द्रीय संयोजक सुखदेव हेम्ब्रम, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कालीचरण मुंडा, कांग्रेस के प्रदेश सचिव छोटा राय किस्कू, मंगल सिंह हसद और पूर्व मुखिया सुनीता गागराई शामिल हुए।

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष कालीचरण मुंडा ने कहा कि सोमाय गागराई क्षेत्र के उभरते नेता थे। क्षेत्रवासियों के हितों और हक के लिये लड़ते थे। कालीचरण मुंडा ने कहा कि सोमाय गागराई के साथ उनके निजी संबंध थे, चक्रधरपुर हमेशा उनकी याद दिलाता है। वह एक ऐसे साफ छवि के नेता थे, जिनसे सीख लेने की जरूरत है।

वहीं झारखंड आंदोलनकारी मंच के केन्द्रीय संयोजक सुखदेव हेम्ब्रम ने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में कैडर एवं जनता के साथ सोमाय गागराई काफी व्यवहारकुशल थे।, आज की तारीख में कांग्रेस नेतृत्व के लिये ऐसे व्यक्तित्व का रहना काफी अच्छा रहता। क्षेत्र के विकास के लिये वह हमेशा अपनी लेखनी से आवाज बुलंद करते थे, जो असामाजिक तत्वों को पसंद नहीं आती थी, और उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अन्याय और जुल्म के खिलाफ एकजुट रहें।

इस अवसर पर शहीद सोमाय गागराई स्मारक समिति के पदाधिकारियों और बुद्धिजीवियों के साथ बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित किया।

गौरतलब है कि सिंहभूम जिला में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं चक्रधरपुर विधानसभा के कांग्रेस के प्रत्याशी रहे शहीद सोमाय गागराई को जनता के लोकप्रिय नेता के रूप में जाना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *