अपने पंचायत को स्मार्ट और आदर्श पंचायत बनाने का सपना देखते हैं मुखिया अजब सिंह

सुकांति साहू, पूर्वी सिंहभूम।

पूर्वी सिंहभूम के बोड़ाम प्रखंड में स्थित है, पहाड़पुर पंचायत।  इस पंचायत में पहुंचकर आपको यह महसूस होगा कि विकास यहां तेजी से अपनी जगह बना रहा है। गांव को शहर की ओर जोड़ने के लिये विभिन्न सड़कों का बनना, स्कूल का निर्माण, लाइब्रेरी, लाईट, कैमरे आदि गांव की बदलती सूरत को पेश कर रहे हैं। यह सब इसलिये है कि पहली बार क्षेत्र के मुखिया बने अजब सिंह, अपने पंचायत को एक आदर्श और स्मार्ट पंचायत का रूप देना चाहते हैं।

मुखिया सीरीज में बात करते हुए अजब सिंह ने बताया कि उन्होंने शुरू से ही अपने पंचायत को एक आदर्श पंचायत बनाने का सपना देखा था, और जीतने के बाद वह लगातार इस दिशा में कार्य कर रहे हैं। वह बताते हैं कि आज समय के साथ मिलकर चलने के लिये शिक्षा, रोजगार और डिजिटलीकरण के क्षेत्र में काम करना बहुत जरूरी है। पहाड़पुर पंचायत के बच्चे कॉलेज में पढ़ने के लिये लगभग रोजाना 20से 25 किलोमीटर की दूरी तय करते हैं। यह रास्ता सुगम हो, इसके लिये सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है। वहीं रोजगार के लिये क्षेत्र में नरेगा और वैकल्पिक खेती में भी क्षेत्रीय लोगों को प्रशिक्षण दिया गया है।

गौर करने वाली बात है कि इस पंचायत को एग्री स्मार्ट विलेज के रूप में चुना गया है, क्योंकि यहां पारम्परिक धान की खेती के अलावा मड़ुआ, गेहूं, और अन्य स्वास्थ्यप्रद फसलों की खेती को लोगों ने अपनाना शुरू किया है। इनके अलावा मुखिया अजब सिंह का मानना है कि विकसित क्षेत्र बनने के लिये डिजिटल माध्यमों से जुड़ना और प्रशिक्षित होना भी आवश्यक है। इसके लिये मुखिया के प्रयास से क्षेत्र में कम्प्युटर प्रशिक्षण केन्द्र भी खोले गये हैं।

अजब सिंह केवल क्षेत्रीय विकास की ही नहीं, लोगों के संपूर्ण विकास की बात करते हैं, जैसे कि उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में नैतिक शिक्षा को महत्व देने, लाइब्रेरी खोलने, और नशामुक्ति अभियान शुरू करने की बात कही।

लिहाजा, पहाड़पुर पंचायत अपने मुखिया अजब सिंह की देख-रेख में एक आदर्श पंचायत बनने की राह पर है।

हमारे खास कार्यक्रम मुखिया सीरीज में हम झारखंड में विभिन्न पंचायतों में जाकर वहां होने वाले विकास कार्यों एवं रूके कार्यों की समीक्षा करके क्षेत्रीय प्रतिनिधि से बात करते हैं, और उनकी बात जनता तक पहुंचाते हैं। इस कड़ी में आज आपके सामने पहाड़पुर पंचायत के मुखिया अजब सिंह से बातचीत के अंश लेकर आए हैं। इसकी अलगी कड़ी में अन्य मुखिया शामिल होंगे।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *