पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी हत्या कांड में जेल में बंद नलिनी को मिली एक महीने की पेरोल।

चेन्नई,25 दिसंबर,2021(एजेंसी)। तमिलनाडू सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी हत्या कांड में आजीवन कारावास की सजा काट रही नलिनी श्रीहरन को एक महीने की पैरोल देने का फैसला किया है।उसका यह पेरोल आज से शुरू होगा और अगले एक महीने तक चलेगा।

राज्य सरकार के वकील हसन मोहम्मद ने यह जानकारी नलिनी की बीमार मां एस. पद्मा की बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई के दौरान मद्रास उच्चन्यायालय में न्यायमूर्ति पी.एन.प्रकाश एवं न्यायमूर्ति आर.हेमलता की खंडपीठ को दी। नलिनी की मां की ओर से वकील राधा कृष्णन ने यह याचिका दाखिल की थी।

राजीव गांधी हत्याकांड की सात दोषियों में से एक नलिनी ​तमिलनाडु की वेल्लोर जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रही है।

गौरतलब है कि नलिनी वर्ष 1991 से जेल में है। उसकी बेटी का जन्म भी जेल में ही हुआ था। उसके साथ ही राजीव गांधी हत्या कांड के 6 अन्य दोषी भी सजा काट रहे हैं। इनमें नलिनी का पति मुरुगन भी शामिल है।

इस हत्या कांड में नलिनी को मौत की सजा सुनाई गई थी, लेकिन तमिलनाडु सरकार ने उसकी सजा को 24 अप्रैल 2000 को उम्रकैद में बदल दिया था।

तमिलनाडु के श्रीपेरमबुदूर में एक चुनावी रैली के दौरान 21 मई 1991 को लिट्टे के आत्मघाती हमले में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के अलावा 14 व्यक्तियों  की मौत हुई थी।