देश के 130 करोड़ लोग एक साथ मिल जाएं, तो भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने से कोई नहीं रोक सकता- अरविंद केजरीवाल

मीमांसा डेस्क, नई दिल्ली।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज एक डिजिटल प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि अभी कुछ दिन पहले हमने एक कैंपेन मेक इंडिया नंबर-1 चालू किया था। देश के 130 करोड़ लोगों का सपना है कि भारत दुनिया का नंबर वन देश बने। लोगों का प्रश्न है कि हमें आजाद हुए 75 साल हो गए, फिर भी भारत पिछड़ा क्यों रह गया?

इस दौरान कितने देश हमसे आगे निकल गए। आज जब दुनिया में कहा जाता है कि भारत एक गरीब और पिछड़ा देश है, तो बहुत तकलीफ होती है। देश के 130 करोड़ लोगों का सपना है कि भारत दुनिया का नंबर वन, विकसित, अमीर, सर्वश्रेष्ठ व शक्तिशाली देश बने। पिछले 75 साल में इन्हीं नेताओं और इन्हीं पार्टियों की वजह से भारत पिछड़ा रह गया। अगर देश को इनके भरोसे छोड़ दिया, तो अगले 75 साल और भारत पिछड़ा ही रह जाएगा।

अब 130 करोड़ लोगों को एक साथ आना पड़ेगा और 130 करोड़ लोगों का एलाइंस करना पडे़गा। देश के 130 करोड़ लोगों को एक टीम और एक परिवार की तरह मिलकर मेहनत करनी पड़ेगी। अगर देश के 130 करोड़ लोग मिल जाएं, तो भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने से कोई नहीं रोक सकता है। यही हासिल करने के लिए मैंने एलान किया था कि मैं पूरे देश की यात्रा करूंगा। मैं हर राज्य में जाउंगा। लोगों से मिलूंगा और लोगों को इस आंदोलन से जोड़ने की कोशिश करूंगा। कल मैं इस अभियान की शुरूआत कर रहा हूं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सबसे पहले मैं इस अभियान की शुरूआत अपने जन्म स्थान हरियाणा से करने जा रहा हूं। मैं हरियाणा में स्थित हिसार के शिवानी में पैदा हुआ था। मैं हिसार से अपनी इस शुभ और पवित्र यात्रा की शुरूआत करने जा रहा हूं। वहां से एक-एक करके सभी राज्यों में जाउंगा और लोगों को जोड़ेंगे।

आप संयोजक ने यह भी कहा कि कल प्रधानमंत्री जी ने एक एलान किया कि देश भर में 14500 सरकारी स्कूलों को अच्छा व मॉडर्न बनाया जाएगा। यह बहुत अच्छी बात है। लेकिन महज 14500 स्कूलों को अच्छा करने से क्या होगा? देश भर में 10.50 लाख सरकारी स्कूल हैं। अगर 14500 स्कूलों को एक साल में अच्छा करेंगे, तो 10.50 लाख सरकारी स्कूलों को अच्छा करने में 70-80 साल लग जाएंगे। इतना समय तो नहीं है। वैसे ही हमारे 75 साल खराब हो गए हैं। मेरी प्रधानमंत्री जी और केंद्र सरकार से अपील है कि सभी राज्य सरकारों के साथ मिलकर प्लान बनाया जाए और देश भर में स्थित 10.50 लाख सरकारी स्कूलों को एक साथ मॉडर्न और अच्छी गुणवत्ता का बनाया जाए। साथ ही, कोशिश यह की जाए कि अगले 5 साल के अंदर हम यह लक्ष्य हासिल कर सकें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *