खेती में कीटनाशकों के प्रयोग को कम करने के लिये सरकार के साथ निजी क्षेत्र को भी जुड़ने की जरूरत – केन्द्रीय कृषि मंत्री

भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ(फिक्की) द्वारा आयोजित 11वें एग्रोकेमिकल्स कान्क्लेव को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि खेती में फर्टिलाइजर और कीटनाशकों के प्रयोग को कम करने के लिए निजी क्षेत्र को भी सरकार के साथ जुड़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान है और देश की अर्थव्यवस्था में कृषि का बहुत बड़ा योगदान है।  उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में किसानों के लिए मुनाफा बहुत जरूरी है। उत्पादन में वृद्धि भी बहुत आवश्यक है। देश में दलहन और तिलहन की दृष्टि से अच्छा काम चल रहा है।

यह भी जरूरी है कृषि के क्षेत्र में मुनाफा बढ़े तथा फसलोपरांत किसानों को होने वाला नुकसान न्यूनतम हो जिसके लिए कदम उठाने की जरूरत हैं। इस संबंध में केंद्र सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है।

कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि किसान तकनीक का उपयोग कर महंगी फसलों पर जा सके। तोमर ने कहा कृषि विज्ञान केंद्र किसानों के लिए सहायक सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने फिक्की जैसे संगठनों से कृषि विकास के लिए मिलकर काम करने की अपेक्षा की।

उन्होंने कहा कि खाद्यान की दृष्टि से हमारा देश बहुत अच्छी स्थिति में हैं। वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए हमें  कृषि की दृष्टि से विकसित अन्य देशों की ओर भी देखना होगा व उनके साथ आगे बढ़कर चलना है। साथ ही उन्होंने फसल विविधीकरण पर भी ध्यान देने पर जोर देने की बात कही।

कृषि मंत्री 11वें एग्रोकेमिकल्स कान्क्लेव को सोलन (हिमाचल प्रदेश) से वर्चुअल संबोधित कर रहे थे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *