हम चंडीगढ़ को एशिया का सबसे सुंदर शहर बनाएंगे- अरविंद केजरीवाल।

आपने 13 साल भाजपा को दिए और 12 साल कांग्रेस को दिए, अब 5 साल हमको भी दे दीजिए। यह बात 19 दिसंबर को चंडीगढ़ के दशहरा मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कही। इस दौरान ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पांच वादे करते हुए कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम में ‘आप’ की सरकार बनती है, तो भ्रष्टाचार खत्म करेंगे और नगर निगम को आपका काम करने के लिए आपके घर भेजेंगे। 24 तारीख को नगर निगम का चुनाव है और चाभी आपके हाथ में है, आप इसको बदल सकते हैं। ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरे एशिया में चंडीगढ़ सबसे सुंदर शहर माना जाता था, लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर इसका बेड़ा गर्क कर दिया। आप संयोजक ने कहा कि मैने दिल्ली में काम करके दिखाया है। आप दिल्ली में रह रहे अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को फोन करके पूछ लेना। अगर आपके दोस्त कहें कि दिल्ली में केजरीवाल ने काम नहीं किया है, तो आप मेरे को वोट मत देना। अगर आपके दोस्त कहें कि केजरीवाल ने दिल्ली में अच्छा काम किया है, तो सारे लोग मिलकर इस बार 24 तारीख को चंडीगढ़ के अंदर पूरा वोट डलवा देना।

‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पांच वादे करते हुए कहा कि अगर चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है, तो सबसे पहले भ्रष्टाचार खत्म करेंगे। दिल्ली में किसी को राशन कार्ड, बिजली का कनेक्शन, पानी का कनेक्शन या लाइसेंस लेना हो या कुछ भी काम करवाना हो, आपको दिल्ली सरकार के दफ्तर नहीं जाना होता है। हमने दिल्ली में एक नंबर 1076 दे दिया है। किसी को भी दिल्ली सरकार से काम करवाना होता है, वह उस नंबर पर फोन करता है। उसे जो काम करवाना है, वह वहां पर बताता है। तब दूसरी तरफ से पूछते हैं कि आपके घर कितने बजे काम करने के लिए आएं। फिर वह समय बताता है। वह यह भी कह सकता है कि दफ्तर से देर रात में आता हूं, आप रात 10 बजे आना, तो रात के 10 बजे दिल्ली सरकार से एक कर्मचारी उसके घर उसका काम करने के लिए जाता है। अब धीरे-धीरे एक-एक करके हम दिल्ली सरकार के दफ्तर बंद करते जा रहे हैं। दिल्ली में अब सरकारी दफ्तरों की जरूरत नहीं है। अब सरकार हर एक के घर जाकर उसका का करके आती है। आपको लाइनों में खड़े होने और दफ्तरों से छुट्टी लेने की जरूरत नहीं है। दलालों के चक्कर काटने और रिश्वत देने की जरूरत नहीं है। दिल्ली सरकार का कर्मचारी आपके घर आकर आपका काम करता है और ऐसे ही अब चंडीगढ़ नगर निगम का कर्मचारी आपके घर आकर आपका काम करके जाएगा। हम भ्रष्टाचार खत्म करेंगे और नगर निगम को आपका काम करने के लिए आपके घर भेजेंगे।

‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दूसरा वादा करते हुए कहा कि यह जो डड्डू माजरा में कूड़े के पहाड़ लग गए हैं, यह पहाड़ खत्म किए जाएंगे। अब चंडीगढ़ के अंदर कोई कूड़ा नहीं होगा। हम चंड़ीगढ़ के पहाड़ को भी खत्म करेंगे और दिल्ली के पहाड़ भी खत्म करेंगे। चंडीगढ़ को वापस एशिया का सबसे सुंदर शहर बनाना है। हम चंडीगढ़ की साफ सफाई करेंगे। तीसरा, मेरे को बताया गया है कि पानी के भारी-भारी बिल आ रहे हैं। दिल्ली में हमने पानी फ्री कर दिया है। दिल्ली में पानी का बिल जीरो आता है। यकीन नहीं होता हो, तो दिल्ली में रह रहे अपने किसी भी रिश्तेदार को फोन करके पूछ लेना। दिल्ली में बिजली का बिल भी जीरो आता है और पानी का बिल भी जीरो आता है। चंडीगढ़ में भी पानी का बिल जीरो करेंगे।

‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चौथा वादा करते हुए कहा कि आपकी सोसायटियों में नगर निगम काम नहीं कर सकता है। अब नगर निगम द्वारा चंडीगढ़ के अंदर जितनी भी हाउसिंग सोसायटी है, उनके अंदर सारा विकास काम नगर निगम किया करेगा। सोसायटियों के अंदर सड़क बनाने, रख-रखाव और सफाई का काम भी अब नगर निगम किया करेगा। पांचवां, महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरे चंडीगढ़ में खूब सारे सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। दिल्ली के अंदर हमने इतने सारे सीसीटीवी कैमरे लगा दिए कि न्यूयार्क और लंदन में जितने सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, आज दिल्ली के अंदर उससे दोगुने सीसीटीवी कैमरे हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे दिल्ली के अंदर इतना काम किया, वैसे ही चंड़ीगढ़ को हम सब लोग मिलकर वापस खूबसूरत शहर बनाएंगे। चंडीगढ़ के लोगों के सपनों का शहर बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *