दिल्ली के बिजवासन में हुई अटल कैंटीन की शुरूआत, भोजन के लिये कतार में दिखे लोग

पूजा पपनेजा,

दिल्ली।


दिल्ली के बिजवासन विधानसभा स्थित रंगपुरी पहाड़ी, शिव मंदिर इंद्र कैंप में अटल कैंटीन की शुरूआत की गई, जिससे स्थानीय व जरूरतमंदों के बीच खुशी की लहर देखी गई। 5 रूपये में भरपेट भोजन के लिये लोग लाईन में अपनी बारी के इंतजार में नजर आये। इस अवसर पर दिल्ली सरकार में पूर्व मंत्री और बिजवासन विधानसभा के विधायक कैलाश गहलोत ने कई अन्य सहयोगियों के साथ कैंटीन में 5 रूपये में भोजन किया।

गौरतलब है कि 19 फरवरी गुरूवार को दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कृष्णा नगर की नर्सरी बस्ती से डिजिटल माध्यम से दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर 25 अटल कैंटीन की शुरूआत की। इसके साथ ही अब अटल कैंटीन की संख्या बढ़कर 71 हो गई है। आने वाले समय में यह 100 तक पहुंचेगी।

दिल्ली में आर्थिक रूप से कमजोर, जरूरतमंदों छात्रों, एवं दिहाड़ी मजदूरों को 5 रूपये में भरपेट पौष्टिक भोजन मिल सके इसके लिये दिल्ली सरकार ने 25 दिसंबर 2025 को देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 101वीं जयंति पर अटल कैंटीन की शुरूआत की थी। जिसके बाद से क्रमवार अलग-अलग क्षेत्रों में कैंटीन को खोला जा रहा है, जिससे जरूरतमंद इसका लाभ ले सकें।