दिल्ली में चौथी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी रेखा गुप्ता

दिल्ली में चौथी महिला मुख्यमंत्री के रूप में आज रेखा गुप्ता दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ लेंगी। शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की पूरी तैयारी की गई है। कल नई दिल्ली में दिल्ली भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद नए मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा की गई।

उन्होंने राजनिवास में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से मुलाकात की और नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। उपराज्यपाल ने दावा स्वीकार करते हुए उन्हें नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है।

रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्‍यक्‍त किया। उन्होंने दिल्ली के लोगों के कल्याण और विकास के लिए पूरी ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और समर्पण के साथ काम करने का संकल्प लिया।

नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में रेखा गुप्‍ता ने उन जैसे साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताकर बड़ी जिम्‍मेदारी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का आभार व्‍यक्‍त किया।

गौरतलब है कि रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनी हैं। उन्‍होंने शालीमार बाग विधानसभा सीट से चुनाव जीता है। 1992 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में एबीवीपी के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत की और बाद में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष भी बनीं।

वे दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव भी रह चुकी हैं।  रेखा गुप्ता दिल्ली में चौथी मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं, इनसे पहले बीजेपी से सुषमा स्वराज, कांग्रेस से शीला दीक्षित और आप से आतिशी ने मुख्यमंत्री का पद संभाला है।

दिल्ली में 27 वर्ष के बाद भारतीय जनता पार्टी सरकार बना रही है। दिल्ली विधानसभा की 70 मे से 48 सीटें बीजेपी के खाते में आई जबकि सत्तासीन आप को 22 सीटों पर जीत मिली।

दिल्‍ली सरकार में छह केबिनेट मंत्री होंगे। इनमें प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिन्दर सिंह सिरसा, रविन्‍द्र इन्‍द्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह के नाम शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह से पहले पत्रकारों से बातचीत में भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक दिन है और भाजपा, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप दिल्‍ली में कार्य करेगी।