फरवरी 4, नई दिल्ली।
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिये 5 फरवरी बुधवार को नई सरकार के चयन के लिये वोट डाले जाएंगे। इस दिन दिल्ली मेट्रो ने अपनी सेवा शुरू करने के समय में बदलाव किया है। इसे लेकर डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी।
एक्स पर डीएमआरसी ने कहा कि दिल्ली में बुधवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान और शनिवार को मतगणना के दिन दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सभी लाइनों पर सुबह 4 बजे से शुरू हो जाएंगी। दिल्ली के चुनाव में तैनात कर्मचारियों की सुविधा के लिए मेट्रो की सेवाएं जल्द शुरू की जाएंगी।
सभी लाइनों पर सुबह 6 बजे तक ट्रेनें 30 मिनट के अंतराल पर मिलेंगी। उसके बाद दिनभर ये सेवाएं नियमित रूप से चलेंगी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम में कहा है कि 5 तारीख की रात सभी लाइनों पर मेट्रो की अंतिम सेवा देर तक चलेगी ताकि चुनाव के लिए नियुक्त कर्मचारियों को देर से लौटने में सुविधा हो।
गौरतलब है कि दिल्ली में 5 तारीख को सुबह से मतदान शुरू होंगे और 8 फरवरी को इसके नतीजे घोषित होंगे।