Uttarakhand News: देहरादून के परेड मैदान में विश्व आयुर्वेद कांग्रेस और आयुर्वेद एक्सपो की कल से शुरूआत

देहरादून के परेड मैदान में कल से विश्व आयुर्वेद कांग्रेस और आयुर्वेद एक्सपो शुरू हो रहा है। यह आयोजन आयुर्वेद के क्षेत्र में शोध, विकास और नई खोजों के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करेगा।

इस बार का आयोजन ‘डिजिटल स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक दृष्टिकोण’ विषय पर आधारित है, जो आयुर्वेद को नई तकनीकों के साथ जोड़ने पर जोर देगा। इस आयोजन में साढ़े पांच हजार से अधिक भारतीय और साढ़े तीन सौ से अधिक विदेशी प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे, जो आयुर्वेद और स्वास्थ्य से संबंधित नवीनतम तकनीकों और शोध पर विचार-विमर्श करेंगे।

इस दौरान विशेष रूप से, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑगमेंटेड रियलिटी और ब्लॉकचेन जैसी नई तकनीकों को आयुर्वेद के साथ एकीकृत करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसके अलावा, आयुर्वेद एक्सपो में साढ़े तीन सौ से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जो लाखों दर्शकों को आकर्षित करेंगे। इस प्रदर्शनी में भारत और विदेशों के प्रमुख आयुर्वेदिक संस्थान अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस आयोजन को आयुष मंत्रालय, उत्तराखंड सरकार और अन्य सहयोगी राज्यों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है और वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय आयुर्वेदिक उत्पादों को प्रमुखता देने का आह्वान किया है। आयुर्वेद कांग्रेस के संबंध में आयुष सचिव रविनाथ रमन ने बताया कि सम्मेलन के दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जांएगे।