राजस्थान के बीकानेर में भारत-अमेरिका युद्ध अभ्यास 2024 का 20वां संस्करण शुरू, यह युद्ध अभ्यास 9-22 सितंबर तक चलेगा

मीमांसा डेस्क।

राजस्थान के बीकानेर में आज भारत-अमेरिका संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘युद्ध अभ्यास 2024’ का 20वां संस्करण महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के विदेशी प्रशिक्षण नोड पर शुरू हो गया। यह अभ्यास 9 से 22 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।

2004 से हर वर्ष आयोजित हो रहे इस अभ्यास का आयोजन भारत और अमेरिका के बीच बारी-बारी से होता है। इस बार अभ्यास में दोनों देशों की 600-600 सैनिकों की टुकड़ियां भाग ले रही हैं। भारतीय सेना की ओर से राजपूत रेजिमेंट की एक बटालियन के साथ अन्य अंगों और सेवाओं के सैनिक शामिल हैं, जबकि अमेरिकी सेना की ओर से अलास्का स्थित 11वीं एयरबॉर्न डिवीजन की 1-24 बटालियन के सैनिक हिस्सा ले रहे हैं।

इस संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की सैन्य क्षमता को मजबूत करना है, ताकि वे संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय VII के तहत उप-पारंपरिक परिदृश्य में आतंकवाद विरोधी अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम दे सकें। यह अभ्यास मुख्य रूप से अर्ध-रेगिस्तानी वातावरण में संचालन पर केंद्रित रहेगा।

अभ्यास के दौरान आतंकवादी कार्रवाई पर संयुक्त प्रतिक्रिया, संयुक्त योजना और फील्ड प्रशिक्षण जैसे सामरिक ड्रिलों का अभ्यास किया जाएगा, जो वास्तविक आतंकवाद विरोधी अभियानों का अनुकरण करेंगे।

इस अभ्यास से दोनों सेनाओं के बीच रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं की सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान होगा, जिससे उनकी आपसी कार्यक्षमता, सौहार्द और सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही यह अभ्यास दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करेगा।