पेरिस ओलंपिक में नीरज चोपड़ा के शानदार प्रदर्शन और रजत पदक जीतने पर पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बधाई दी

नई दिल्ली, 9 अगस्त।

नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक में अपने 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीतने में कामयाबी पाई। नीरज ने फाउल के साथ शुरुआत की थी, लेकिन दूसरे प्रयास में अपने इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। हालांकि वह स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए।

इसी के साथ पेरिस ओलंपिक में भारत का यह 5वां पदक और पहला रजत पदक है। इससे पहले भारत ने चार कांस्य पदक अपने नाम किए थे।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता के साक्षात उदाहरण हैं।

उन्होंने बार-बार अपनी प्रतिभा दिखाई है। भारत को खुशी है कि वह एक बार फिर ओलंपिक में सफल रहे हैं। रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई। वह आने वाले अनगिनत एथलीटों को अपने सपनों को पूरा करने और हमारे देश को गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

वही दूसरी तरफ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी ओलंपिक में रजत पदक विजेता नीरज चोपड़ा को जीत की बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा- ‘पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने और इतिहास रचने पर नीरज चोपड़ा को हार्दिक बधाई।

वह लगातार दो ओलंपिक खेलों में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट हैं। भारत को उन पर गर्व है। उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।

भारत को उम्मीद है कि नीरज चोपड़ा भविष्य में और भी पदक और गौरव लाएंगे।’ गौरतलब है कि इससे पूर्ण भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा, टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता रहे।