‘पास द बॉल ट्रॉफी टूर’ अभियान को लॉन्च करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी भारतीय हॉकी टीम को शुभकामनाएं

चिन्मय दत्ता, रांची।
17 जुलाई को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने तीन अगस्त से शुरू होने वाले हीरो एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी चेन्नई- 2023 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का आज अनावरण के अवसर पर “पास द बॉल ट्रॉफी टूर”  अभियान को लॉन्च करते हुए भारतीय हॉकी टीम को शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त कि इस चैंपियनशिप में भारतीय हॉकी टीम  बेहतर और शानदार खेल का प्रदर्शन करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हीरो एशियन हॉकी चैंपियनशिप-2023 की ट्रॉफी का देश के विभिन्न शहरों में भ्रमण कराया जाना एक बेहतरीन कदम है। इससे ना सिर्फ हॉकी खिलाड़ियों बल्कि खेल प्रेमियों के बीच भी चैंपियनशिप के प्रति आकर्षण और उत्साह का संचार होगा। इसके साथ आम लोगों में भी हॉकी की प्रति लगाव बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि झारखंड का हॉकी से गहरा नाता रहा है। खूंटी और सिमडेगा जैसे जिलों के गांव -गांव में हॉकी बसती है। यहां  के बच्चे- बच्चियों में बचपन से ही स्टिक पर ‘मैजिक’ शुरू हो जाती है। ऐसा लगता कि हॉकी के बिना उनकी जिंदगी अधूरी सी है। इसी का नतीजा है कि यहां के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। यहां से कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकले हैं, जिन्होंने अपने खेल से झारखंड और देश का नाम रोशन किया है।

गौरतलब है कि एशियन हॉकी चैंपियनशिप का भारत पहली बार मेजबानी कर रहा है इसका आयोजन चेन्नई में 3 से 12 अगस्त तक हो रहा है। इस चैंपियनशिप में मेजबान भारत समेत दक्षिण कोरिया, मलेशिया, जापान, पाकिस्तान और चीन की टीम मुख्य रूप से भाग ले रही है। ज्ञात हो कि भारत अब तक तीन बार एशियन हॉकी चैंपियनशिप का विजेता बना है। भारत  ने वर्ष 2011, वर्ष 2016 और वर्ष 2018 में खिताब जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *