पर्यावरण को बचाने में विशेषरूप से युवाओं की शक्ति प्रदर्शित करेगा माय लाइफ ऐप

सुभाष राज

दिल्ली।

5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस तक जलवायु परिवर्तन के लिए युवा जीवन शैली को प्रेरित करने के लिए केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने एक मोबाइल एप्लिकेशन, “मेरी लाइफ” (माय लाइफ) की शुरूआत की है।

इस एप के बारे में मंत्री ने कहा कि यह ऐप पर्यावरण को बचाने में नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं की शक्ति को प्रदर्शित करेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस ऐप के माध्यम से दैनिक जीवन में किए गए सरल कार्यों का जलवायु पर बड़ा प्रभाव हो सकता है। मंत्री ने आशा व्यक्त की कि पोर्टल और ऐप मिलकर लाइफ के लिए एक राष्ट्रीय आंदोलन चलाएंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने 20 अक्टूबर 2022 को केवडिया, गुजरात में मिशन लाइफ की शुरूआत की थी।  लाइफ के बारे में अखिल भारतीय स्तर पर समर्थन और जागरूकता बढा़ने के लिए, अभी एक महीने का जन अभियान चल रहा है जो 5 जून 2023 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक शानदार समारोह के साथ समाप्त होगा।

गौरतलब है कि देश भर में 10 दिन में, लाइफ-संबंधित 1,00,000 से अधिक कार्यक्रम हुए हैं, जिसमें 1.7 मिलियन से अधिक लोग पृथ्वी के अनुकूल कार्य करने के लिए जुटे। इनमें स्वच्छता अभियान, साइकिल रैली, वृक्षारोपण अभियान, लाइफ मैराथन, प्लास्टिक संग्रह अभियान, खाद बनाने की कार्यशालाएँ और लाइफ शपथ लेना शामिल हैं। विभिन्न स्कूल और कॉलेज सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं जैसे नुक्कड़ नाटक, निबंध, पेंटिंग और युवा संसदों का भी आयोजन कर रहे हैं।

ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। इसमें साइन-अप पर, उपयोगकर्ताओं को 5 विषयों जैसे- ऊर्जा बचाओ, पानी बचाओ, प्लास्टिक के एकल उपयोग को कम करो, दीर्घकालिक खाद्य प्रणाली को अपनाओ और स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने के तहत लाइफ संबंधित कार्यों की एक श्रृंखला में भाग लेने के लिए निर्देशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *