आप नेता राघव चड्ढा ‘वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम’ द्वारा ‘यंग ग्लोबल लीडर 2022’ के खिताब से सम्मानित किए गए

*नई दिल्ली, 21 अप्रैल, 2022

आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा को बुधवार को फोरम ऑफ यंग ग्लोबल लीडर्स कम्युनिटी द्वारा यंग ग्लोबल लीडर के रूप में सम्मानित किया गया है। फोरम ऑफ यंग ग्लोबल लीडर्स कम्युनिटी वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) के साथ जुड़ी हुई है। यह फोरम सीमाओं और क्षेत्रों से परे (वैश्विक स्तर) नेताओं के विस्तृत और दीर्घकालिक भविष्य को आकार देने के लिए प्रोत्साहित करता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी राघव चड्ढा को बधाई दी है।

राघव चड्ढा ने हाल ही में पंजाब में आम आदमी पार्टी के चुनाव का नेतृत्व किया। उनकी दृढ़ता के सहयोग से पार्टी को प्रचंड बहुमत से जीत मिली।

एक चार्टर्ड एकाउंटेंट राघव चड्ढा भारत के बाहर एक आरामदायक जीवन पर विचार कर रहे थे।  उनका राजनीति में आना संयोग ही रहा। मॉडर्न स्कूल, बाराखंभा रोड के पूर्व छात्र रहे हैं। इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से वाणिज्य में स्नातक (बी.कॉम) किया और उसके बाद अपने पहले प्रयास में चार्टर्ड अकाउंटेंसी पूरी की। उन्होंने ग्रांट थॉर्नटन, डेलॉइट, श्याम मालपानी जैसे उल्लेखनीय ब्रांडों के साथ काम किया और चार्टर्ड एकाउंटेंट का अभ्यास जारी रखा। इसके बाद राघव चड्ढा ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (एलएसई) में दाखिला लेकर वहां एक बुटीक वेल्थ मैनेजमेंट फर्म की स्थापना की।

यह वह दौर था जब अन्ना आंदोलन अपने चरम पर था। चूँकि आंदोलन अपने अंतिम चरण की ओर था, इसलिए अरविंद केजरीवाल ने अभी तक इस बारे में कोई निर्णय नहीं लिया था कि एक राजनीतिक दल बनाया जाए या नहीं। उसी दौरान चड्ढा ने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। जिन्होंने 2012 में दिल्ली लोकपाल विधेयक का मसौदा तैयार करने का काम उन्हें सौंपा था। चड्ढा ने 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए आप का घोषणापत्र लाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

जिसमें उन्होंने 70 वादों का जिक्र किया था। पार्टी ने 70 विधानसभा सीटों में से 67 सीटें जीतकर भारत की चुनावी राजनीति के इतिहास में एक बड़ी जीत दर्ज की। युवा नेता ने शासकीय कार्यों में भी मदद की और पार्टी ने शिक्षा, सामाजिक कल्याण, पानी, बिजली और रोजगार सहित अधिकांश वादों पर अच्छा प्रदर्शन किया।

इसके बाद उन्होंने दक्षिणी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से 2019 के आम चुनाव में भाग लिया। उस सीट पर वह दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन दिल्ली में आप के सभी उम्मीदवारों में सबसे अधिक वोट पाने वाले थे। फरवरी 2020 में, उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में राजिंदर नगर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा और 20,058 वोटों के अंतर से भाजपा के उम्मीदवार आरपी सिंह के खिलाफ एक उल्लेखनीय जीत दर्ज की।

दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद उन्हें दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया और दिल्ली सरकार में जल विभाग की जिम्मेदारी दी गई। उन्होंने अपना कार्यभार संभालते ही घोषणा की कि दिल्ली जल बोर्ड की पहली प्राथमिकता दिल्ली के हर घर में चौबीसों घंटे और सातों दिन पाइप के माध्यम से स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने तय समयसीमा में युमना नदी की सफाई को भी अपनी प्राथमिकताओं में रखा।

उन्होंने राजेंद्र नगर विधानसभा में 24X7 हेल्पलाइन शुरू की, ताकि स्थानीय विधायक राघव चड्ढा से सीधा संपर्क स्थापित किया जा सके। उनकी यह पहल लॉकडाउन के दौरान स्थानीय निवासियों के लिए लाइफ लाइन साबित हुई। इसके जरिए सैकड़ों निवासियों की समस्याओं का रियल टाइम में समाधान किया गया।

शहर में कोविड-19 महामारी के दौरान राघव चड्ढा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए बहुत ही कड़ी मेहनत की।

राघव चड्ढा को 2022 में राज्य में विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब इकाई के लिए पार्टी के सह-प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया था। यह एक कठिन राजनीतिक कार्य था क्योंकि पंजाब चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रहा था। पार्टी को जीतने में मदद करने के लिए उन्होंने एक साल से अधिक समय तक लगातार अपने प्रयासों को जारी रखा और उन्हें आम-जन तक पहुंचाया।

पंजाब विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी को दो-तिहाई बहुमत तक पहुंचाने के बाद, आप ने 117 में से 92 सीटें जीतीं। इसके वह आम आदमी पार्टी के चार अन्य लोगों के साथ पंजाब से निर्विरोध राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। संसद के ऊपरी सदन में उनका छह साल का कार्यकाल 2022 में शुरू हो रहा है। वह अब राज्यसभा में सबसे कम उम्र के सांसद हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के शब्दों में, वह पार्टी के सबसे ईमानदार, समर्पित, देशभक्त और स्टाइलिश नेता हैं।

राघव चड्ढा ने कहा कि इस सम्मान के लिए मैं वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम का शुक्रिया करता हूं। यंग ग्लोबल लीडर के खिताब से नवाजे जाने से मन में प्रसन्नता है। ये खिताब केजरीवाल स्कूल ऑफ पॉलिटिक्स का सम्मान है जो एक नए सशक्त भारत की नींव रख रहा है और असली देशभक्ति के साथ देशवासियों की सेवा करना सिखाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *