नई दिल्ली, 24 दिसम्बर।
मशहूर फिल्म निर्देशक, पटकथा लेखक एवं निर्माता श्याम बेनेगल का कल सोमवार को 90 वर्ष की उम्र में मुंबई के लीलावती अस्पताल में निधन हो गया। आज मुंबई के शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे।
श्याम बेनेगल को सिनेमा में असाधारण योगदान के लिये ‘दादा साहब फाल्के पुरस्कार’ दिया गया था। कला के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने 1991 में उन्हें ‘पद्मभूषण’ सम्मान प्रदान किया था। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुःख जताया।
14 दिसंबर 1934 को हैदराबाद में श्याम बेनेगल का जन्म हुआ था। समाज को दिशा देने वाली और संवेदनशील फिल्मों के लिये वह पूरी दुनिया में विख्यात थे। 1970 के दशक में उन्होंने अपनी पहली फिल्म ‘अंकुर’ बनाई, जो भारतीय सिनेमा में मील का पत्थर साबित हुई। इसके बाद उन्होंने कई महत्वपूर्ण फिल्मों का निर्देशन किया, जिनमें ‘निशांत’, ‘कलयुग’, ‘मम्मो’, ‘सरदारी बेगम’ और ‘सूरज का सातवां घोडा’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
सिनेमा के अलावा, श्याम बेनेगल ने दूरदर्शन के लिए धारावाहिक ‘यात्रा’, ‘कथा सागर’ और ‘भारत एक खोज’ का भी निर्देशन किया, जो काफी प्रसिद्ध हुए।