Jharkhand News: 20 वर्षों में जहां कोई अधिकारी नहीं गया, वहां आज पूरी सरकार पहुंचकर आपको दे रही है आपका हक- हेमंत सोरेन, मुख्यमंत्री, झारखंड

चिन्मय दत्ता।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार रांची हेडक्वार्टर से नहीं बल्कि गांव- देहात से चल रही है। जब हमारे गांव मजबूत होंगे तभी हमारा राज्य मजबूत बनेगा। इसी संकल्प के साथ विभिन्न विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को  मजबूती दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में जिन गांवों में बीडीओ, सीओ और और थानेदार नहीं गए, आज वहां अधिकारी दल बल के साथ पहुंच रहे हैं। वे लोगों की समस्याओं को ना सिर्फ संवेदनशीलता के साथ सुन रहे हैं, बल्कि उसका समाधान भी कर रहे हैं। आज राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाएं घर-घर तक पहुंच रही हैं।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन 22 अगस्त 2024 को मेदिनीनगर (पलामू) के चियांकी हवाई अड्डा परिसर में आयोजित झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना  के प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की फिर शुरुआत हो रही है । इस कार्यक्रम के तहत एक बार फिर गांव-गांव और टोले-टोले में शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के साथ सरकार की योजनाओं से जोड़ा जाएगा।  यह ऐसा कार्यक्रम है, जिसका मकसद राज्य के विकास में हर व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम निरंतर चलते रहेंगे।