भारत एवं नेपाल का संबंध सदियों से मधुर,मगर दो दशकों में तल्खी आयीः परमानन्द झा, पूर्व उप राष्ट्रपति,नेपाल

डॉ.समरेन्द्र पाठक

वरिष्ठ पत्रकार।

नयी दिल्ली 6सितम्बर 2023(एजेंसी)।

नेपाल के पूर्व उप राष्ट्रपति परमानन्द झा ने कहा है कि भारत एवं नेपाल का संबंध सदियों से मधुर रहा है,किन्तु पिछले 15-20 वर्षो में इसमें कुछ खटास आयी है।

न्यायमूर्ति(अवकाश प्राप्त) परमानन्द झा ने कल यहाँ एक कार्यक्रम में कहा कि नेपाल तीन तरफ से भारत एवं एक ओर चीन से घिरा है। भारत से नेपाल का सदियों पुराना सम्बन्ध रहा है। दोनों देशों के बीच बेटी- रोटी का संबंध रहा है। लोग दोनों जगह बेरोक-टोक आ जा सकते हैं, किन्तु अब थोड़ा बदलाव आने लगा है। उन्होंने कहा कि इसके अवैध व्यापार, तस्करी, घुसपैठ आदि कारण हो सकते हैं। इस बात को लेकर दोनों ही देश चिंतित है।

नेपाल के पूर्व उप राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे यहां शिक्षक दिवस नहीं मनाया जाता है, लेकिन भारत में पूर्व राष्ट्रपति डॉ.राधा कृष्णन की जयन्ती यहां शिक्षक दिवस के रूप में मनायी जाती है। उन्होंने कहा कि समाज में गुरुजनों का स्थान श्रेष्ठ है। वही समाज को तराशने का काम करते हैं। आज कोई कितने भी बड़े पद पर हो, यह गुरु यानि शिक्षकों की देन है।

भारत में पृथक मिथिला राज्य की मांग के संबंध में पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर नेपाल के पूर्व उप राष्ट्रपति झा ने कहा कि यहाँ भाषाई आधार पर राज्यों का निर्माण हुआ है। तेलंगाना,आंधप्रदेश राज्य बने हैं। आप अपनी सरकार से मांग कर सकते हैं। यह जनता का अधिकार है। सरकार चाहे तो इसे मान सकती है।एल.एस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *