मीमांसा डेस्क।
हिंदू पंचांग के अनुसार हर महीने कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को संकष्टी चतुर्थी का व्रत रखा जाता है। मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष में आने वाली चतुर्थी को गणाधिप संकष्टी चतुर्थी कहा जाता है। इस दिन भगवान श्री गणेश को “गणाधिप” यानी गणों के अधिपति के रूप में पूजा जाता है। यह व्रत खास तौर पर माताओं द्वारा संतान की प्राप्ति, उसकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए रखा जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान गणेश जी की विधिवत पूजा और चंद्रमा के दर्शन से जीवन की सभी बाधाएं दूर होती हैं और घर में खुशहाली आती है।
- गणाधिप संकष्टी चतुर्थी क्या है ?
मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को गणाधिप संकष्टी चतुर्थी कहा जाता है। इस दिन भगवान गणेश के गणाधिप स्वरूप—गणों के स्वामी—की पूजा की जाती है। यह व्रत संकटों से मुक्ति और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। वही पंचांग गणना के मुताबिक, मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि का आरंभ 27 नवंबर 2026, शुक्रवार को सुबह 9 बजकर 48 मिनट पर होगा। इस तिथि का समापन 28 नवंबर को सुबह 6 बजकर 39 मिनट पर होगा। उदय और चंद्रोदय के समय तिथि की स्थिति को ध्यान में रखते हुए गणाधिप संकष्टी चतुर्थी का व्रत 27 नवंबर, शुक्रवार को रखा जाएगा। इस दिन सभी भक्त भगवान गणेश का उपवास रखकर उनकी की पूजा-अर्चना करेंगे।
- गणाधिप संकष्टी चतुर्थी की पौराणिक कथा क्या है ?
पौराणिक कथाओं के अनुसार, एक बार ‘त्रिपुरासुर’ नाम के भयंकर राक्षस ने स्वर्ग और पृथ्वी पर हाहाकार मचा रखा था। उसके अत्याचारों से त्रस्त होकर सभी देवता देवाधिदेव महादेव (भगवान शिव) की शरण में पहुंचे और उनसे त्रिपुरासुर का वध करने की प्रार्थना की।
भगवान शिव ने देवताओं की पुकार सुनी और त्रिपुरासुर का वध करने के लिए अपने दिव्य रथ पर सवार होकर युद्ध भूमि की ओर निकल पड़े। लेकिन जैसे ही भगवान शिव जी का रथ आगे बढ़ा, रथ का पहिया वही अचानक से टूट गया और रथ वहीं पर रुक गया। तभी भगवान शिव जी ने सोचा कि आखिर यह विघ्न क्यों उत्पन्न हुआ?
तभी उन्हें स्मरण हुआ कि किसी भी शुभ कार्य या युद्ध पर जाने से पहले ‘विघ्नहर्ता भगवान गणेश’ की पूजा की जानी चाहिए, जो वे जल्दबाजी में भूल गए थे। अपनी भूल का अहसास होते ही भगवान शिव ने वहीं पर रुककर अपने पुत्र और गणों के स्वामी ‘गणाधिप’ (भगवान गणेश) का आवाहन किया और उनकी विधि-विधान से पूजा अर्चना की।
भगवान गणेश ने प्रकट होकर अपने पिता भगवान शिव को विजयी होने का आशीर्वाद दिया। भगवान गणेश जी की पूजा करने के पश्चात रथ का पहिया अपने आप ठीक हो गया। इसके बाद भगवान शिव ने युद्ध भूमि में जाकर एक ही बाण से त्रिपुरासुर का वध कर दिया।
चूंकि शिव जी ने मार्गशीर्ष कृष्ण चतुर्थी के दिन ही भगवान गणेश की उपासना कर विजय प्राप्त की थी, इसलिए इस दिन को ‘गणाधिप संकष्टी चतुर्थी’ के रूप में मनाया जाने लगा।
- गणाधिप संकष्टी चतुर्थी के दिन भगवान गणेश जी की पूजा अर्चना कैसे करनी चाहिए ?
- सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ-सुथरे वस्त्र धारण करें।
- पूजा स्थल को स्वच्छ करके भगवान गणेश के सामने व्रत और पूजा का संकल्प लें।
- गणपति की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित कर उन्हें रोली, अक्षत, फूल और दूर्वा अर्पित करें।
- भगवान गणेश को मोदक, लड्डू या अपनी श्रद्धानुसार अन्य मिठाई का भोग लगाएं।
- गणेश मंत्रों का जाप करें और गणेश चालीसा या गणेश स्तुति का पाठ करें।
- शाम के समय पुनः गणेश जी की पूजा करें।
- चंद्रोदय होने पर चंद्रमा को जल से अर्घ्य दें और भगवान गणेश का स्मरण करें।
- पूजा संपन्न होने के बाद अपनी परंपरा के अनुसार व्रत का पारण करें।
नोट – यह आर्टिकल केवल जागरूकता के लिये है। इस आर्टिकल का उद्देश्य किसी की भावनाओं को आहत पहुँचाना नहीं है।