सुकांति साहू,
पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा।
रविवार 9 अगस्त को झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 के मौके पर पश्चिमी सिंहभूम जिले में क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खेल एवं युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन जिला समाहरणालय-चाईबासा से घड़ी घर चौक तक किया गया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ निर्धारित दूरी पूरी की। प्रतियोगिता में पुरूष वर्ग में प्रथम स्थान-मांगू ईचागुटू, खूंटपानी,द्वितीय स्थान – रवि अंगारिया, चक्रधरपुर,तृतीय स्थान – रमेश कालुण्डिया, सदर चाईबासा,चतुर्थ स्थान – रोहन जामुदा, खूंटपानी और पंचम स्थान में बिंदराय पुरती, खूंटपानी से रहे। वहीं महिला वर्ग में प्रथम स्थान – प्रतिका महतो, मनोहरपुर, द्वितीय स्थान – शीला बानरा, सोनुवा, तृतीय स्थान – मनीषा बोदरा, खूंटपानी, चतुर्थ स्थान – रूपांती सिदू, तांतनगर, और पंचम स्थान, सुमित्रा बोयपाई, कुमारडुंगी को मिला।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेम्ब्रम सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से जिले के युवाओं को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने और जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया। झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 के तहत आयोजित इस क्रॉस कंट्री दौड़ ने जिले में खेल, संस्कृति और युवा सहभागिता के उत्सव को और अधिक जीवंत बनाया।

