कालभैरव की पूजा क्यों की जाती है जानिये इसकी पौराणिक कथा व खास महत्व ?

 

मीमांसा डेस्क।

हिंदू धर्म में कई ऐसे पर्व और व्रत हैं, जिनमें रात के समय पूजा करने की विशेष परंपरा है। कालभैरव अष्टमी भी उन्हीं में से एक है। इस दिन भगवान शिव के रौद्र स्वरूप कालभैरव की पूजा की जाती है। मान्यता है कि कालभैरव की आराधना करने से विशेष फल मिलता है।

  •   कालभैरव की पूजा क्यों की जाती है ?

भगवान कालभैरव की पूजा करने के पीछे कई धार्मिक मान्यताएं जुड़ी हुई हैं। श्रद्धालु उन्हें भय और संकट से रक्षा करने वाला देवता भी मानते हैं। मान्यता है कि सच्चे मन से उनकी पूजा करने से व्यक्ति को साहस, आत्मविश्वास और नकारात्मक शक्तियों से बचाव का आशीर्वाद भी मिलता है।

इसके अलावा, भगवान कालभैरव को समय का स्वामी भी माना जाता है। उनकी आराधना से व्यक्ति को समय का महत्व समझने और अपने जीवन में अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा भी मिलती है।

  •    कालभैरव की पूजा का महत्व क्या है ?

हिंदू धर्म में भगवान कालभैरव की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। भगवान कालभैरव को भगवान शिव का रौद्र स्वरूप भी कहा जाता है। उन्हें बुराई का नाश करने वाला, भक्तों की रक्षा करने वाला और समय का स्वामी भी माना जाता है।

   कालभैरव की पूजा की धार्मिक मान्यताएं क्या है ?
 

  • भय से मुक्ति के लिए: मान्यता है कि भगवान कालभैरव की पूजा करने से व्यक्ति के मन से भय दूर होता है और साहस की प्राप्ति होती है।
  •  नकारात्मक शक्तियों से रक्षा: वही दूसरी मान्यता यह भी हैं कि कालभैरव की आराधना करने से व्यक्ति का नकारात्मकता और बुरी शक्तियों से बचाव भी होता है।
  •  जीवन की परेशानियों से मुक्ति: – कालभैरव की पूजा करने से जीवन में भक्तों को परेशानी से भी मुक्ति मिलती है।
  •  सुख-समृद्धि के लिए: मान्यता है कि जब कोई व्यक्ति सच्चे मन से कालभैरव की पूजा करता है तो उसे सुख – शांति और समृद्धि का आशीर्वाद भी मिलता है।
  •   भगवान कालभैरव की पौराणिक कथा क्या है ?

पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार भगवान ब्रह्मा और भगवान शिव के बीच श्रेष्ठता को लेकर विवाद हो गया था । इस दौरान भगवान ब्रह्मा ने भगवान शिव के प्रति अपमानजनक शब्द कहे थे । इससे भगवान शिव अत्यंत क्रोधित हो गये थे ।

मान्यता है कि भगवान शिव के इसी क्रोध से उनके उग्र स्वरूप भगवान कालभैरव प्रकट हुए। उन्होंने भगवान ब्रह्मा के पांचवें सिर को काट दिया। इसके बाद उन्हें ब्रह्महत्या के दोष से मुक्ति पाने के लिए काशी जाना पड़ा। पौराणिक कथाओं के अनुसार, काशी में इस दोष से मुक्ति मिलने के बाद भगवान शिव ने उन्हें काशी का रक्षक यानी कोतवाल नियुक्त किया।इसी वजह से भगवान कालभैरव को काशी का रक्षक भी माना जाता है।

  •   भगवान काल भैरव की पूजा कैसे की जाती है ?

अष्टमी के दिन भक्त सुबह स्नान करके व्रत का संकल्प लेते हैं। दिनभर भगवान शिव और कालभैरव का स्मरण करते हैं। रात में पूजा करने के लिए स्वच्छ स्थान पर भगवान कालभैरव की तस्वीर या प्रतिमा स्थापित की जाती है। इसके बाद दीपक जलाकर फूल, फल और अपनी परंपरा के अनुसार पूजा सामग्री अर्पित की जाती है।

भगवान कालभैरव के मंत्रों का जाप और कालभैरव अष्टकम का पाठ भी किया जाता है। पूजा के अंत में आरती करके परिवार की सुख-शांति और सुरक्षा की प्रार्थना की जाती है। कुछ परंपराओं में इस दिन काले कुत्ते को भोजन कराने का भी विशेष महत्व माना जाता है, क्योंकि कुत्ते को भगवान कालभैरव का वाहन माना जाता है।

  •   कालभैरव की पूजा का क्या है खास संदेश?

भगवान कालभैरव की पूजा केवल धार्मिक आस्था से ही नहीं जुड़ी है, बल्कि यह हमें जीवन में साहस, अनुशासन और बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा भी देती है। उनकी आराधना के माध्यम से भक्त अपने जीवन में सकारात्मकता और आत्मविश्वास को बनाए रखने की कामना भी करते हैं।

यही वजह है कि कालभैरव अष्टमी का हिंदू धर्म में भी विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु भगवान कालभैरव से अपने परिवार की सुख-शांति और सुरक्षा की प्रार्थना भी करते हैं।

नोट – यह आर्टिकल केवल जागरूकता के लिये लिखा गया है इसका उद्देश्य किसी की भी धार्मिक भावनाओं को आहत पहुँचाना नहीं है।