मार्गशीर्ष का महीना भगवान कृष्ण को क्यों है प्रिय ? क्या है इसके पीछे की एक खास कहानी ?

 

मीमांसा डेस्क।

हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष के महीने को बेहद पवित्र माना जाता है। इस महीने को अगहन के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह महीना भगवान श्रीकृष्ण को बेहद प्रिय है। यही वजह है कि इस दौरान श्रद्धालु भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं।इसी कारण इस महीने में श्रीकृष्ण की पूजा, व गीता पाठ और भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप काफी खास होता है। वही श्रीमद्भभागवत में भी स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने इस महीने को अपनी दिव्य विभूतियों में सर्वश्रेष्ठ बताया है ।

  •    मार्गशीर्ष का महीना क्या है ?

हिंदू पंचांग के अनुसार मार्गशीर्ष वर्ष का नौवां महीना काफी खास माना जाता है। इसे अगहन के नाम से भी जाना जाता है। यह कार्तिक महीने के बाद और पौष महीने से पहले आता है। आमतौर पर यह नवंबर और दिसंबर के बीच में ही पड़ता है। इस महीने में पूजा-पाठ, मंत्र जाप, दान-पुण्य और भगवान का स्मरण करना विशेष महत्व रखता है। भक्त इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण और विष्णु जी की विशेष आराधना करते हैं।

  •    क्या है मार्गशीर्ष महीने से जुड़ी एक खास कहानी ?

मार्गशीर्ष महीने से जुड़ी एक प्रसिद्ध कथा का उल्लेख श्रीमद्भभागवत महापुराण में मिलता है। इसमें यह बताया गया है कि यह कथा भगवान श्रीकृष्ण और ब्रज की गोपियों से जुड़ी हुई है।

कथा के अनुसार, जब भगवान श्रीकृष्ण ब्रज में रहा करते थे, उस समय हेमंत ऋतु का आगमन हुआ था । मार्गशीर्ष महीने में ब्रज की अविवाहित गोपियों ने माता कात्यायनी की पूजा और व्रत रखने का संकल्प लिया था ।

उस समय गोपियों की मनोकामना थी कि उन्हें भगवान श्रीकृष्ण पति के रूप में प्राप्त हों। इसके लिए वे दिन – प्रतिदिन यमुना नदी में स्नान करतीं थी। वह माता कात्यायनी की पूजा करके उनसे अपनी मनोकामना पूरी करने की प्रार्थना करती थीं।

गोपियों की इस भक्ति और प्रेम को देखकर भगवान श्रीकृष्ण ने एक दिन उनकी परीक्षा लेने और उन्हें एक विशेष सीख देने के लिए उनके साथ वस्त्र-लीला रची ।

तभी जब गोपियां यमुना में स्नान कर रही थीं, तब भगवान श्रीकृष्ण ने उनके वस्त्र चुराकर पेड़ पर रख दिये थे। जब गोपियों ने अपने वस्त्र वापस मांगे, तब श्रीकृष्ण ने उन्हें अपनी मर्यादा और समर्पण का महत्व समझाया।

इस प्रसंग का उल्लेख भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं में देखने को मिलता है। यह कथा भक्तों को सिखाती है कि सच्ची भक्ति में अहंकार का स्थान नहीं होता और ईश्वर के प्रति प्रेम तथा समर्पण सबसे ज्यादा मायने रखता हैं।

  •    गीता में श्रीकृष्ण ने बताया मार्गशीर्ष का महत्व:

मार्गशीर्ष मास की महिमा का सबसे बड़ा प्रमाण श्रीमद्भभागवत के दसवें अध्याय ‘विभूतियोग’ में मिलता है। वही कुरुक्षेत्र के मैदान में अर्जुन को उपदेश देते हुए भगवान श्रीकृष्ण ने कहा था। ‘मासानां मार्गशीर्षोऽहम्’, जिसका अर्थ है कि सभी महीनों में मैं स्वयं मार्गशीर्ष हूं।

भगवान द्वारा इस मास को अपने स्वरूप से जोड़ने के कारण ही सनातन धर्म में इसे भक्ति और आत्म-चिंतन के लिए सर्वश्रेष्ठ समय माना गया है।

गीता जयंती का पावन अवसर: मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी (मोक्षदा एकादशी) को गीता जयंती मनाई जाती है। मान्यता है कि इसी तिथि पर भगवान कृष्ण ने अर्जुन को गीता का दिव्य ज्ञान दिया था।

पुण्यदायी स्नान और दान: शास्त्रों के अनुसार इस महीने में पवित्र नदियों में स्नान करने और सामर्थ्य के अनुसार दान करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं।

  •    मार्गशीर्ष में क्या करना चाहिए ?

ब्रह्म मुहूर्त या सुबह जल्दी उठकर स्नान करें।

मार्गशीर्ष के महीने में सुबह जल्दी उठकर स्नान करने और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की प्राचीन परंपरा है। धार्मिक मान्यता के साथ-साथ यह नियम शरीर को ऊर्जावान बनाए रखता है और दिन की सकारात्मक शुरुआत करने में भी मदद करता है।

  •  भगवान श्रीकृष्ण की नियमित पूजा करें।

इस पूरे महीने प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण या बाल गोपाल की विधि-विधान से पूजा करें। उन्हें ताजे फूल, मौसमी फल और तुलसी दल जरूर अर्पित करें। पूजा के दौरान ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ या ‘कृं कृष्णाय नमः’ मंत्र का जाप करे इससे मानसिक शांति मिलती है।

  •   रोजाना श्रीमद्भभगवत गीता का पाठ करें।

चूंकि इसी महीने गीता का प्राकट्य हुआ था, इसलिए मार्गशीर्ष में गीता पढ़ना बेहद पुण्यदायी माना जाता है। यदि आप रोज पूरा अध्याय नहीं पढ़ सकते, तो कम से कम 5 से 10 श्लोकों का अर्थ सहित पढ़कर पाठ करें और उनके संदेश को समझने का प्रयास करें।

  •  शाम के समय तुलसी के पास दीपक जलाएं

तुलसी को भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की प्रिय माना गया है। मार्गशीर्ष मास में प्रतिदिन संध्याकाल में तुलसी के पौधे के पास शुद्ध घी या तिल के तेल का दीपक जलाएं। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

  •  जरूरतमंदों को अन्न और गर्म वस्त्र का दान करें

मार्गशीर्ष के समय मौसम में ठंडक बढ़ने लगती है। ऐसे में अपनी क्षमता के अनुसार गरीब और असहाय लोगों को अनाज, भोजन, कंबल या गर्म कपड़ों का दान करें। शास्त्रों में निस्वार्थ भाव से की गई सेवा को सबसे बड़ी पूजा माना गया है।

  •    मार्गशीर्ष हमें क्या सीख देता है?

मार्गशीर्ष का महीना केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमें भक्ति, प्रेम, समर्पण और अच्छे कर्मों का महत्व भी समझाता है। इसमें यह सिखाया जाता है कि मनुष्य को अपने जीवन में अहंकार छोड़कर सच्चे मन से ईश्वर का स्मरण करना चाहिए।

यही कारण है कि हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष महीने को विशेष स्थान दिया गया है। श्रीमद्भभागवत गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा स्वयं को मार्गशीर्ष बताना इस महीने की धार्मिक महत्ता को और भी बढ़ा देता है।

नोट – यह आर्टिकल केवल जागरूकता के लिये लिखा गया है इसका उद्देश्य किसी की भावनाओं को आहत पहुँचाना नहीं है।