अमित तिवारी।
हम बात कर रहे हैं नजर लगने की। जब हमने विषय का समाधान देने के बारे में सोचा था , तब बिलकुल अंदाजा नहीं था कि यह इतना व्यापक एवं विस्तृत हो जाएगा। हम इस विषय पर दो अंकों में बात कर चुके हैं। पहले हमने इसके ऐतिहासिक , भौगोलिक और वैज्ञानिक पहलू पर चर्चा की। उस वीडियों में इस मूल प्रश्न का समाधान पाया गया कि क्या नजर सच में लगती है ? दूसरे वीडियों में हमने जाना कि असल में नज़र क्यों और कैसे लगती है। इसकी प्रक्रिया और इसके पीछे का कारण क्या है। आज हम बात करेंगे नजर लगने के लक्षण और इससे बचाव के तरीकों की।
जैसा कि हमने देखा कि बच्चों को या किसी को भी अनायास ही बिना कारण किसी की नजर लग जाने और द्वेष के साथ किसी का बुरा चाहने में अंतर है। इसी तरह इनके लक्षणों में भी अंतर है।
नजर लगना नकरात्मक ऊर्जा प्रवाह का परिणाम होता है। इसके लक्षण भी शारीरिक होते हैं। बच्चों में नजर लगने के लक्षण जो माने जाते हैं ।उनमें सबसे पहला यह है आंख की नीचे वाली पलकों में सूजन आ जाती है। बच्चा अकारण बात – बात पर रोता है। अचानक खाना – पीना छोड़ देता है। या कुछ ऐसी चीज़ जिसे खाना उसे बहुत पसंद था , वह उसे ही खाना छोड़ देता है या उसे खाने पर उल्टी हो जाती है। ऐसे कुछ लक्षण हैं , जो नजर लगने पर बच्चों में देखे जाते हैं।
वहीं नजरदोष इससे थोड़ा व्यापक और घातक है। आमतौर पर इसके लक्षण भी अलग होते हैं। वहीं नजरदोष की बात करें, तो अचानक परिवार में कलह होने लगना।बिना कारण ही काम बिगड़ जाना। सब सही चलते – चलते अचानक नुकसान होने लगना । सिर में हल्का दर्द बने रहना , जबकि चिकित्सकीय जांच में कुछ न मिल रहा हो। हमेशा थकान अनुभव करना। इस तरह के कुछ लक्षण नजरदोष के माने जाते हैं।
नजर से बचाने के लिए बच्चों को आमतौर पर काला टीका लगाया जाता है। इसके पीछे कारण यह माना जाता है कि जैसे ही कोई बच्चे को देखते समय उसके आकर्षक एवं प्रेम के बंधकर अपनी ऊर्जा को शिथिल करता है , तभी वह काला टीका उसके अवचेतन को सतर्क कर देता है। यह सतर्कता उस पर नकरात्मक ऊर्जा को हावी नहीं होने देती और सामने जो बच्चा है , वह उससे बच जाता है। हाथ पर बंधा धागा और अभिमंत्रित जंतर भी वही काम करते हैं। वह सामने वाले के अवचेतन को सतर्क कर देते हैं। बाकी नजर उतारने के कई सहज तरीके हमारे परिवार में स्वीकार्य और मान्य हैं , उनका अनुपालन करना चाहिए। इसमें आपके परिवेश में स्वीकार्य तरीकों को अपनाना ही श्रेष्ठ होता है। जैसे उत्तर भारत के अपने अनुभव के आधार पर मैं कहूँ तो नमक से नजर उतारी जाती है। पीली सरसों और लाल मिर्च से नजर उतारी जाती है। सरसों के तेल में भीगी बाती से नजर उतारी जाती है। इनमें जो भी तरीका आपके परिवेश में आपने स्वीकार्य रूप में देखा हो , उन्हें आप कर सकते हैं।
नजर दोष से बचाव के लिए एक सहज तरीका है। हमने देखा कि नजर दोष कर्म अनुबंध से बंधे किसी व्यक्ति के द्वेष के कारण होता है। इससे बचाव के लिए सबसे आसान तरीका है अच्छे कर्म अनुबंध बनाना। आप अपने जीवन में यथासंभव ज्यादा से ज्यादा लोगों से अच्छे कर्म अनुबंध बनाइए। जैसे किसी अनजान व्यक्ति की सहायता कर देना। जहां संभव हो , किसी के कष्ट दूर कर देना। किसी के लिए कष्ट का कारण न बनना। अपने चारों तरफ अच्छे कर्म अनुबंधों का ऐसा सुरक्षा चक्र रखिए कि कहीं कोई एक व्यक्ति चाहकर भी अपने द्वेष के कारण आपका अहित करने में सक्षम न हो पाए। जब ब्रहमांड में उसकी नकरात्मक ऊर्जा के प्रभाव से अहितकारी परिणाम आपकी तरफ आने की तैयारी कर रहे हो , उस समय अनेकानेक ऐसे लोगों की सकरात्मक ऊर्जा आपकी रक्षा में हो , जिनका हित आपने किया है।
कभी ऐसा लगे कि नजर दोष का शिकार हो गए हैं , तब भी यथासंभव लोगों का हित करते हुए कर्म अनुबंध को सुधारते रहने का प्रयास सदैव श्रेष्ठ परिणाम दे सकता है। इसके अतिरिक्त इस मामले में भी आप नजर उतारने के स्वीकार्य तरीकों को अपना सकते हैं।
नोट – यह आर्टिकल केवल जागरूकता के लिये है। इस आर्टिकल का उद्देश्य किसी की भावनाओं को आहत पहुँचाना नहीं है।