मीमांसा डेस्क।
भारत में मनाए जाने वाले प्रमुख त्योहारों में छठ पर्व का विशेष स्थान है। यह पर्व विशेष रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। दिल्ली समेत देश के कई अन्य हिस्सों में भी इसकी रौनक देखने को मिलती है।
छठ पर्व की सबसे खास बात यह है कि इसमें प्रकृति के प्रत्यक्ष देवता माने जाने वाले सूर्य देव की उपासना की जाती है। इसके साथ ही छठी मैया की पूजा का भी विशेष महत्व है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते है।
लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि छठ पर्व में सूर्य देव और छठी मैया दोनों की पूजा क्यों की जाती है? छठी मैया कौन हैं और सूर्य देव को ही अर्घ्य देने की परंपरा क्यों है? आइए जानते हैं इसके पीछे की धार्मिक मान्यताएं और पौराणिक कथा।
छठ महापर्व केवल व्रत और अर्घ्य का पर्व नहीं है, इसके पीछे कई पौराणिक और लोक कथाएं भी जुड़ी हैं। अलग-अलग क्षेत्रों और ग्रंथों में छठ की उत्पत्ति को लेकर अलग-अलग मान्यताएं प्रचलित हैं।
राजा प्रियव्रत और छठी मैया की कथा सबसे प्रसिद्ध कथा राजा प्रियव्रत की है। मान्यता है कि राजा प्रियव्रत और रानी मालिनी के कोई संतान नहीं थी। इससे दुखी होकर राजा ने महर्षि कश्यप से उपाय पूछा। महर्षि ने पुत्रेष्टि यज्ञ करवाया और रानी को यज्ञ की खीर खाने को दी। कुछ समय बाद रानी ने पुत्र को जन्म दिया, लेकिन वह मृत पैदा हुआ।
राजा शोक में डूबकर पुत्र के शव को लेकर श्मशान पहुँचे और प्राण त्यागने का विचार करने लगे। तभी आकाश से एक दिव्य देवी प्रकट हुईं। उन्होंने कहा कि वे ब्रह्मा जी की मानस पुत्री और सृष्टि की छठे अंश से उत्पन्न षष्ठी देवी हैं। उन्होंने बालक को स्पर्श कर जीवित कर दिया। प्रसन्न राजा ने देवी की स्तुति की, और देवी ने कहा कि वे इस पूजा का प्रचार करें। तभी से कार्तिक शुक्ल षष्ठी को षष्ठी देवी, यानी छठी मैया की पूजा की परंपरा चली आ रही है।
- माता सीता और भगवान राम की कथा लोक मान्यता के अनुसार, रावण वध के बाद अयोध्या लौटकर भगवान राम और माता सीता ने राज्याभिषेक के समय कार्तिक शुक्ल षष्ठी को उपवास रखा। उन्होंने सूर्य देव की पूजा की और अगले दिन सप्तमी को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर आशीर्वाद लिया। माना जाता है कि इसी से आम लोगों में सूर्य उपासना का यह विधान लोकप्रिय हुआ।
- महाभारत काल: कुंती, कर्ण और द्रौपदी महाभारत से भी छठ का संबंध जोड़ा जाता है। कथा है कि कुंती ने सूर्य देव की आराधना से कर्ण को पुत्र रूप में पाया। कर्ण स्वयं सूर्य के परम भक्त थे और प्रतिदिन जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देते थे। यह भी कहा जाता है कि जब पांडव अपना राज्य हार गए, तब द्रौपदी ने सूर्य उपासना और छठ व्रत किया, जिससे उनकी मनोकामनाएं पूरी हुईं और पांडवों को राज्य वापस मिला।
- सूर्य उपासना और आरोग्य की मान्यता कुछ कथाओं में राजा साम्ब का भी उल्लेख मिलता है, जिन्हें कुष्ठ रोग से मुक्ति सूर्य की उपासना से मिली। इसीलिए सूर्य को आरोग्य का देवता माना जाता है, और छठ में उनकी पूजा स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना के लिए की जाती है।
- सूर्य देव की पूजा क्यों की जाती है?
हिंदू धर्म में सूर्य देव को प्रत्यक्ष देवता माना जाता है। सूर्य को प्रकाश, ऊर्जा और जीवन का आधार माना गया है। धरती पर पेड़-पौधों, मनुष्यों और जीव-जंतुओं के जीवन में सूर्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
छठ पर्व पर सूर्य देव की पूजा करके उनके प्रति आभार व्यक्त किया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि सूर्य देव की उपासना करने से जीवन में सुख, समृद्धि और आरोग्य की प्राप्ति होती है।
इस पर्व में डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। संध्या के समय डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर उनकी उपासना की जाती है, जबकि अगली सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर नई ऊर्जा और खुशहाली की कामना की जाती है।
- छठी मैया कौन हैं और उनकी पूजा क्यों की जाती है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठी मैया को संतान की रक्षा करने वाली देवी माना जाता है। उन्हें षष्ठी देवी के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि छठी मैया बच्चों को सुख, स्वास्थ्य और लंबी आयु का आशीर्वाद देती हैं।
इसी वजह से छठ पर्व पर महिलाएं विशेष रूप से अपनी संतान की खुशहाली और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखती हैं। इस पर्व में छठी मैया के प्रति श्रद्धा और विश्वास का विशेष महत्व है।
- छठ पूजा के चार दिनों का क्या महत्व है?
छठ महापर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। हर दिन की अपनी अलग परंपरा और धार्मिक मान्यता होती है।
- पहला दिन – नहाय-खाय
छठ पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इस दिन व्रती स्नान करके शुद्धता के साथ पूजा की तैयारी करते हैं और सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं।
- दूसरा दिन – खरना
दूसरे दिन खरना मनाया जाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं। शाम को पूजा करने के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है।
- तीसरा दिन – संध्या अर्घ्य
तीसरे दिन छठ व्रती नदी, तालाब या अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचते हैं। वहां डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इस दौरान परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल होते हैं।
- चौथा दिन – उषा अर्घ्य
छठ पर्व के अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद व्रती पूजा संपन्न करके व्रत का पारण करते हैं।
- छठ पूजा में ठेकुआ और बांस के सूप का क्या महत्व है?
छठ पूजा में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना और बांस के सूप का विशेष महत्व होता है। ठेकुआ इस पर्व का प्रमुख पारंपरिक प्रसाद है, जिसे घरों में शुद्धता और श्रद्धा के साथ तैयार किया जाता है।
बांस के सूप में पूजा की सामग्री सजाकर सूर्य देव को अर्घ्य दिया जाता है। इस दौरान परिवार के सभी सदस्य मिलकर पूजा की तैयारियों में सहयोग करते हैं।
नोट – यह आर्टिकल केवल जागरूकता के लिये है इसका संबंध किसी की भी धार्मिक भावनाओं को आहत पहुँचाना नहीं है।