हिमाचल का स्वर्ग मनाली।

 

इशित कुमार।

भारत में कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं , जहां अधिकांश लोग जाना चाहते हैं , उन्हीं में से एक नाम मनाली का भी आता है। हिमाचल प्रदेश में स्थित मनाली भारत का सबसे लोकप्रिय हिल स्टेशन है। यहाँ की बर्फ से ढकी चोटियाँ , हरे – भरे जंगल , रास्ते के साथ – साथ बहती ब्यास नदी और रोमांचक गतिविधियाँ इसे हर मौसम में पर्यटकों का आकर्षण बनाती हैं।

इस लोकप्रिय हिल स्टेशन में पर्यटक रोमांचक खेल , धार्मिक स्थल और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने आते हैं। यह जगह गर्मियों में ठंडी हवाओं और सर्दियों में बर्फबारी के कारण सालभर आकर्षण का केंद्र बनी रहती है।

वास्तव में मनाली की असली पहचान उसकी प्राकृतिक खूबसूरती है। ब्यास नदी घाटी हरियाली और बर्फीली चोटियों से घिरी हुई है। रोहतांग पास से हिमालय के तीन सौ साठ डिग्री दृश्य और बर्फीले खेलों का आनंद लिया जा सकता है।

वहीं रोमांचक गतिविधियों की बात करें तो यहाँ हर मौसम में रोमांच का अलग रंग देखने को मिलता है। सोलंग वैली में सर्दियों में स्कीइंग और गर्मियों में पैराग्लाइडिंग होती है , वहीं ब्यास नदी में रिवर राफ्टिंग और रिवर क्रॉसिंग का रोमांच नजर आता है।

मनाली सिर्फ प्राकृतिक ही नहीं , धार्मिक दृष्टिकोण से भी खास है। देवदार के जंगलों में स्थित हिडिंबा देवी मंदिर में पर्यटक दर्शन के लिये पंक्तियों में खड़े रहते हैं तो वशिष्ठ मंदिर के प्राकृतिक गर्म पानी के झरनों में स्नान कर त्वचा आदि की समस्याओं समाधान पाते हैं , ऐसी मान्यता है।

इसके साथ ही मनाली से लगभग 80 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मणिकरण गुरुद्वारा अपनी धार्मिक मान्यताओं , किवंदंतियो और हॉट स्प्रिंग्स के लिए जाना जाता है।

मणिकरण के साथ ही कसोल भी काफी आकर्षक है , जहां पार्वती नदी की तेज बहती कल – कल धारा देशी और विदेशी दोनों स्थानों से पर्यटकों की भीड़ को आकर्षित करती है। यहां कई सारे खूबसूरत टेंट, रेस्टोरेंट एक उन्मुक्त और यादगार जीवन के लिये पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।
जहां तक मनाली की बात है तो यहां का मॉल रोड और ब्यास नदी के किनारे – किनारे स्थित कैफ़े आपको प्रकृति के बीच होने की अनोखी अनुभूति देते हैं। ओल्ड मनाली शांत वातावरण और विदेशी पर्यटकों का पसंदीदा स्थान है।

देश में कई खूबसूरत जगह होने के बावजूद मनाली को अपनी पसंद बनाना पर्यटकों के लिये क्यूं जरूरी होता है , इसके कई कारण हैं , जिनमें कुछ इस प्रकार हैं –

विशेषरूप से गर्मियों में मैदानों की गर्मी से राहत पाने के लिए लोग इस ठंडी जगह का रूख करते हैं। वहीं सर्दियों में बर्फबारी और विंटर स्पोर्ट्स का आनंद लेने के लिए पर्यटक आते हैं। खासकर यह जगह परिवार , कपल्स और एडवेंचर प्रेमियों के लिए पहली पसंद है।

दिल्ली और चंडीगढ़ से आसान पहुँच इसे और आकर्षक बनाती है। दिल्ली , चंडीगढ़ और शिमला से वोल्वो बसें और टैक्सी सेवाएँ उपलब्ध हैं।
लिहाजा ,मनाली पर्यटकों को एक ही जगह पर प्राकृतिक सुंदरता , रोमांचक खेल , धार्मिक स्थल और सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करता है। यही कारण है कि यह भारत के सबसे पसंदीदा पर्यटन स्थलों में से एक है।