भारत, मलेशिया की अंतरराष्ट्रीय पर्यटन रणनीति में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है- दातुक मनोहरन पेरियासामी, चेयरमैन, टूरिज्म मलेशिया

नई दिल्ली।

भारत, मलेशिया की अंतरराष्ट्रीय पर्यटन रणनीति में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भारतीय पर्यटकों की संख्या में हो रही निरंतर वृद्धि दोनों देशों के मजबूत द्विपक्षीय संबंधों और मलेशिया को एक सुरक्षित, विविधतापूर्ण और उच्च-मूल्य पर्यटन गंतव्य के रूप में बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। यह बात Tourism Malaysia द्वारा SATTE 2026 से पहले नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में टूरिज्म मलेशिया के चेयरमैन दातुक मनोहरन पेरियासामी ने कही। उन्होंने कहा कि विजिट मलेशिया ईयर 2026 की ओर बढ़ते हुए, हम अपने भारतीय साझेदारों के साथ रणनीतिक सहयोग को और मजबूत कर रहे हैं ताकि सतत और उच्च गुणवत्ता वाले पर्यटन विकास को बढ़ावा दिया जा सके।”

प्रेस कॉन्फ्रेंस को टूरिज्म मलेशिया के चेयरमैन वाय.बी.एच.जी. दातुक मनोहरन पेरियासामी तथा भारत में मलेशिया के उच्चायुक्त दातो’ मुज़ाफ़र शाह मुस्तफ़ा ने संबोधित किया। इस अवसर पर प्रमुख ट्रैवल ट्रेड पार्टनर्स, एयरलाइंस प्रतिनिधि, पर्यटन क्षेत्र के हितधारक और मीडिया उपस्थित रहे।

यह संवाद ऐसे समय पर हुआ है जब मलेशिया अपने वैश्विक पर्यटन अभियान Visit Malaysia Year 2026 (VM2026) के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी गतिविधियों को तेज कर रहा है।

भारत में मलेशिया के उच्चायुक्त दातो’ मुज़ाफ़र शाह मुस्तफ़ा ने कहा, “भारतीय बाजार ने अवकाश पर्यटन, माइस (MICE), डेस्टिनेशन वेडिंग और प्रीमियम ट्रैवल सेगमेंट में मलेशिया के प्रति उत्साह और मजबूती दिखाई है। बेहतर हवाई संपर्क, भारतीय नागरिकों के लिए वीज़ा-फ्री प्रवेश की निरंतर सुविधा और मजबूत उद्योग साझेदारियों के साथ हमें 2026 में और अधिक वृद्धि की उम्मीद है। हमारा फोकस टियर-I, टियर-II और टियर-III शहरों में व्यापारिक सहयोग को सुदृढ़ करते हुए गुणवत्तापूर्ण पर्यटन अनुभव प्रदान करना है।”

गौरतलब है कि मलेशिया ने वर्ष 2025 में 4.22 करोड़ (42.2 मिलियन) अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों का स्वागत किया, जो 2024 की तुलना में 14.6% की वृद्धि को दर्शाता है। भारत मलेशिया के सबसे महत्वपूर्ण और तेजी से बढ़ते स्रोत बाजारों में से एक बना हुआ है। वर्ष 2025 में भारत से 16 लाख (1.6 मिलियन) से अधिक पर्यटक मलेशिया पहुंचे, जो इस गंतव्य के प्रति बढ़ते विश्वास और मांग को दर्शाता है।

भारत और मलेशिया के बीच प्रतिदिन 240 से अधिक साप्ताहिक उड़ानों के संचालन तथा भारतीय नागरिकों के लिए वीज़ा-फ्री प्रवेश सुविधा जारी रहने से यात्रा की उपलब्धता और सुगमता बनी हुई है, जो विजिट मलेशिया 2026 (VM2026) अभियान के तहत पर्यटन वृद्धि को और समर्थन देगी।

मलेशिया टूरिज्म प्रमोशन बोर्ड, जिसे टूरिज्म मलेशिया के नाम से जाना जाता है, मलेशिया सरकार के पर्यटन, कला और संस्कृति मंत्रालय (MOTAC) के अंतर्गत कार्यरत एक एजेंसी है। इसका उद्देश्य मलेशिया को एक पसंदीदा वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में प्रचारित करना है।